इस्लामाबाद पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने एक हिंदू मंदिर पर हमले के आरोपियों को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि रहीम यार खान में मंदिर पर हमले के लिए जिन आरोपियों ने भड़काने का काम किया है, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। कोर्ट ने मंदिर की मरम्मत करने का आदेश भी दिया है। इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया शेयर किया गया था। पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में पंजाब सूबे के मुख्य सचिव और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) को 24 घंटे के अंदर पेश होने का हुक्म सुनाया था।पंजाब के भोंग शहर में मौजूद गणेश मंदिर में कट्टरपंथियों ने जमकर उत्पात मचाया था। मूर्तियों को खंडित किया गया, मंदिर में लगे झूमर, कांच जैसे सजावटी समान को तोड़ दिया गया। कट्टरपंथियों की भारी भीड़ यह कायराना हरकत करते हुए कैमरे में कैद भी हुई। वीडियो वायरल होने के बाद PM इमरान खान ने ट्वीट कर गणेश मंदिर पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा की। इमरान खान ने यह भी वादा किया था कि उनकी सरकार इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी करवाएगी। दावा किया जा रहा है कि हिंदू मंदिर पर यह हमला 9 साल के एक हिंदू लड़के को जमानत मिलने के विरोध में किया गया था। इस लड़के पर आरोप था कि उसने कथित तौर पर स्थानीय मदरसे में पेशाब किया था। जिसके बाद सैकड़ो कट्टरपंथियों ने भोंग में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की और सुक्कुर-मुल्तान मोटरवे (एम-5) को जाम कर दिया।
from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times
via IFTTT
