বুধবার, ২২ সেপ্টেম্বর, ২০২১

शाओमी, हुवावे...चीनी फोन का करते हैं इस्‍तेमाल तो तुरंत बदल दें', इस देश ने दी दुनिया को चेतावनी

विलनियूस यूरोपीय देश लिथुआनिया के रक्षा मंत्रालय ने दुनियाभर के लोगों को चेतावनी दी है कि चीन का फोन इस्‍तेमाल करने वाले इसे तत्‍काल बदल दें। मंत्रालय ने यह भी सलाह दी है कि लोग शाओमी या एमआई जैसी चीनी कंपनियों के फोन को खरीदने से बचें। साथ जिन लोगों ने चीनी फोन को खरीदा है, वे उसे उठाकर फेंक दें। रक्षा मंत्रालय ने यह चेतावनी एक सरकारी रिपोर्ट के आधार पर दिया है जिसमें पाया गया है कि चीनी फोन के अंदर पहले से ही सेंसरशिप की क्षमता होती है। थिथुआनिया की सरकारी साइबर सिक्‍यॉरिटी फर्म ने एक बयान में कहा कि यूरोप में चीनी कंपनी शाओमी के जिन स्‍मार्टफोन को बेचा गया है, उनमें पहले से ही कुछ शब्‍दों जैसे 'फ्री तिब्‍बत', 'लांग लाइव ताइवान इंडिपेंडेंस' या 'डेमोक्रेटिक मूवमेंट' को सेंसर करने की क्षमता मौजूद होती है। रक्षा मंत्रालय के साइबर सिक्‍यॉरिटी सेंटर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि शाओमी ने अपने Mi 10T 5G फोन के साफ्टवेयर में अभी इस सेंसरशिप को बंद कर रखा है लेकिन उसे दूर से ही कभी भी दूर से रिमोट के जरिए शुरू किया जा सकता है। शाओमी ने लिथुआनिया की चेतावनी पर कोई बयान नहीं दिया लिथुआनिया के उपरक्षामंत्री मार्गीरिस अबूकेविसियस ने रिपोर्ट के बारे में कहा, 'हमारी सलाह है कि नए चीनी स्‍मार्टफोन को नहीं खरीदा जाए और जो लोग इसे पहले ही खरीद चुके हैं, वे जितना जल्‍दी हो सके, इसे उठाकर फेक दें।' अभी शाओमी कंपनी ने लिथुआनिया सरकार की इस चेतावनी पर कोई बयान नहीं दिया है। बता दें कि इन दिनों लिथुआनिया और चीन सरकार के बीच रिश्‍ते बेहद खराब चल रहे हैं। चीन ने पिछले महीने मांग की थी कि लिथुआनिया बीजिंग से अपने राजदूत को बुला ले। दरअसल, लिथुआनिया में ताइवान के राजनयिक मिशन को लेकर चीन और लिथुआनिया में जंग छिड़ी हुई है। ताइवान ने कहा है कि वह लिथुआनिया में अपने मिशन को ताइवान प्रतिनिधि ऑफिस बुलाएगा। इस ऐलान के बाद चीन लाल हो गया है और उसने लिथुआनिया से अपने राजदूत को वापस बुलाने की धमकी दी है। रिपोर्ट में यह भी कहा है कि शाओमी के फोन यूजर के गोपनीय डेटा को सिंगापुर के डेटा सेंटर भेज रहे हैं। इसी तरह की सुरक्षा खामियां चीन की एक अन्‍य कंपनी हुवावे के P40 5G फोन में भी पाई गई हैं।


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times
via IFTTT

Advertiser