মঙ্গলবার, ২৬ অক্টোবর, ২০২১

अंतरिक्ष में भी झंडा गाड़ेंगे अरबपति जेफ बेजोस, बनाएंगे खुद का हाइटेक स्‍पेस स्‍टेशन

वॉशिंगटन दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अरबपति और ऐमजॉन कंपनी के मालिक जेफ बेजोस अब अंतरिक्ष में भी अपना झंडा गाड़ने जा रहे हैं। जेफ बेजोस ने सोमवार को ऐलान किया कि वह अपना खुद का स्‍पेस स्‍टेशन लॉन्‍च करने जा रहे हैं। इस अंतरिक्ष स्‍टेशन में 10 लोगों के रहने की जगह होगी। बेजोस ने बताया कि यह स्‍पेस स्‍टेशन साल 2025 के बाद कभी भी लॉन्‍च किया जा सकता है। अंतरिक्ष में सक्रिय ब्‍लू ओरिजिन कंपनी के मालिक बेजोस ने यह ऐलान ऐसे समय पर किया है जब अंतरिक्ष में बादशाहत की जंग बहुत तेज हो गई है। बेजोस के इस अंतरिक्ष स्‍टेशन को 'ऑर्बिटल रीफ' नाम दिया गया है जो अंतरिक्ष में बिजनस पार्क की तरह से होगा। यह माइक्रोगैविटी रिसर्च और विनिर्माण को बढ़ावा देगा। ब्‍लू ओरिजिन के एक आला अधिकारी ब्रेंट शेरवुड ने कहा, 'पिछले 60 साल में नासा और अन्‍य स्‍पेस एजेंसियों ने ऑर्बिटल स्‍पेस फ्लाइट और अंतरिक्ष में रहने के स्‍थान का निर्माण किया है। इस दशक में हम व्‍यवसायिक बिजनस का निर्माण करेंगे।' अंतरिक्ष यात्री 24 घंटे में 32 सूर्योदय का दीदार करेंगे शेरवुड ने कहा, 'हम पहुंच का विस्‍तार करेंगे और लागत भी घटाएंगे। साथ ही वह सभी सुविधाएं और सेवाएं देंगे जो स्‍पेस फ्लाइट को सामान्‍य बनाने के लिए जरूरी हैं।' बता दें कि कई कंपनियां अंतरिक्ष में अपना स्‍टेशन बनाने पर विचार कर रही हैं। पिछले सप्‍ताह ही स्‍पेस सेवा देने वाली कंपनी नानोरॉक्‍स ने दिग्‍गज कंपनी लॉकहीड मॉर्टिन के साथ एक करार किया था ताकि वर्ष 2027 तक एक स्‍पेस स्‍टेशन को बनाया जा सके। इसे स्‍टारलैब नाम दिया गया है। जेफ बेजोस का ऑर्बिटल रीफ धरती से 500 किमी की ऊंचाई पर होगा। यह वर्तमान अंतरराष्‍ट्रीय स्‍पेस स्‍टेशन (ISS) से थोड़ा ज्‍यादा ऊंचाई पर होगा। इसमें रहने वाले अंतरिक्ष यात्री 24 घंटे में 32 सूर्योदय और सूर्यास्‍त का दीदार करेंगे। इसमें कुल 10 लोग रह सकेंगे और आईएसएस से ज्‍यादा जगह होगी। इसमें कई विशाल खिड़कियां होंगी। आईएसएस को वर्ष 2011 में बनाया गया था। यह अमेरिका और रूस के बीच अंतरिक्ष में सहयोग का प्रतीक माना जाता है। माना जा रहा है कि यह वर्ष 2028 तक सुरक्षित है। नासा को उम्‍मीद है कि आईएसएस के बंद होने तक कई और स्‍पेस स्‍टेशन बन जाएंगे।


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times
via IFTTT

Advertiser