শুক্রবার, ১০ ডিসেম্বর, ২০২১

दक्षिणी मेक्सिको में भीषण ट्रक हादसा, 53 शरणार्थियों की मौत, 54 घायल

टक्स्टला गुटिएरेज़ (मैक्सिको) दक्षिणी मेक्सिको में शरणार्थियों को ले जा रहा एक मालवाहक ट्रक पैदल पार पुल पर गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई और 54 अन्य घायल हो गए। संघीय अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, हादसे में 53 लोगों मारे गए और घायलों में तीन की हालत गंभीर है। चियापास राज्य के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के प्रमुख लुइस मैनुअल मोरेनो ने बताया कि घायलों में से 21 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना चियापास राज्य की राजधानी की ओर जाने वाले एक राजमार्ग पर हुई। घटनास्थल की तस्वीरों में पीड़ितों को फुटपाथ पर और ट्रक के माल डिब्बे के अंदर देखा जा सकता है। मोरेनो ने बताया कि पीड़ित मध्य अमेरिका के शरणार्थी प्रतीत होते हैं, हालांकि उनकी नागरिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में बच गए कुछ लोगों ने बताया कि वे पड़ोसी ग्वाटेमाला देश के निवासी हैं। हादसे में बाल-बाल बचे ग्वाटेमाला के सेल्सो पैचिको ने बताया कि ऐसा लगा कि ट्रक तेज रफ्तार में चल रहा है और फिर शायद शरणार्थियों के वजन से उसका संतुलन बिगड़ गया, जिस कारण वह पलट गया। पैचिको ने बताया कि ट्रक में ग्वाटेमाला तथा होन्डुरास के शरणार्थी थे और शायद आठ से 10 बच्चे भी थे। उन्होंने बताया कि वह अमेरिका जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब लगता है कि उन्हें ग्वाटेमाला निर्वासित कर दिया जाएगा। मोरेनो ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रक में क्षमता से अधिक लोग भरे होने के कारण वह पलट गया और पलटते ही वह स्टील के पैदल पार पुल से टकरा गया। ट्रक में कम से कम 107 लोग सवार थे। इस बीच, ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति एलेजांद्रो जियामाटेई ने ट्वीट किया, ‘चियापास में हुए हादसे से बेहद दुखी हूं और पीड़ितों के परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करता हूं, जिन्हें हम दूतावास संबंधी हर मदद मुहैया कराएंगे।’


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times
via IFTTT

Advertiser